व्यय रजिस्टर में न छूटे किसी भी चुनावी खर्च की एंट्री: डॉ. कुंदन यादव

व्यय पर्यवेक्षक ने किया उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का द्वितीय निरीक्षण

हमीरपुर ।

लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर भारत निर्वाचन आयोग कड़ी नजर रख रहा है। आयोग के नियमों के अनुसार उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का तीन बार निरीक्षण किया जाएगा तथा सहायक व्यय पर्यवेक्षकों एवं अकाउंटिंग टीमों द्वारा तैयार किए गए शैडो रजिस्टरों के साथ इनका मिलान किया जाएगा।
इसी क्रम में शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव ने यहां हमीर भवन में लोकसभा क्षेत्र 3-हमीरपुर के उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का निरीक्षण किया। व्यय रजिस्टरों का यह दूसरा निरीक्षण था। इससे पहले 21 मई को प्रथम निरीक्षण किया गया था।
डॉ. कुंदन यादव ने बताया कि उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टरों का तीसरा निरीक्षण 29 मई को होगा। उन्होंने सभी उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों से कहा कि वे प्रतिदिन चुनाव के सभी खर्चों को व्यय रजिस्टर में अवश्य दर्ज करें। किसी भी खर्चे की एंट्री छूटनी नहीं चाहिए। अगर किसी दैनिक खर्चे की पेमेंट बाद में की जानी है तो भी उसे रजिस्टर में दर्ज कर लें। इससे एक-एक खर्चे का ब्यौरा व्यवस्थित एवं पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड में रहेगा और चुनाव के ओवरऑल खर्चे की गणना एवं शैडो रजिस्टर के साथ मिलान में सुविधा रहेगी।
इस अवसर पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सहायक व्यय पर्यवेक्षक, अकाउंटिंग टीमों के सदस्य, उम्मीदवार या उनके प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।