जन बल जीतेगा धन बल हारेगा : सुखविंदर सुक्खू

ऊना/कुटलैहड़
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा के यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है, बल्कि यह जन बल और धन बल की लड़ाई है। बेशक हमारे पास धन बल नहीं है लेकिन हमारे पास जन बल है और लड़ाई में जीत जन बल की होगी। मुख्यमंत्री वीरवार को कुटलैहड़ विधानसभा के दौरे पर थे जहां उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा के पक्ष में प्रचार करते हुए जनसभा को संबोधित किया।
बंगाणा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने बागी विधायकों पर निशाना साधा। सुक्खू ने कहा के जो कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर जीतकर कांग्रेस के नहीं हुए वह भाजपा के कहां से होंगे। उन्होंने कहा के यह 6 बागी खुद तो हारेंगे ही और भाजपा के चारों लोकसभा प्रत्याशियों को भी हराएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा के आजादी के इतिहास में हिमाचल की जनता ने पहली बार जनमत से चुनी हुई सरकार को गिराने का नाकाम षडयंत्र देखा। उन्होंने कहा के जनता भलीभांति जानती है के किस तरह से सत्ता के लोभी दल भाजपा ने धनबल से पहले राज्य सभा सीट जीती और फिर धनबल से सरकार को गिराने का प्रयास किया।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का वह कोट पेंट दर्जी के पास ही रह गया जो उन्होंने मुख्यमंत्री की शपथ लेने के लिए सिलवाया था। सुक्खू ने कहा के पूर्व मुख्यमंत्री यह भूल गए के जनबल की ताकत धनबल से कहीं ज्यादा होती है। अब जनता 6 बागियों और भाजपा के चारों लोकसभा प्रत्याशियों को जनबल की ताकत दिखाएगी।
इससे पहले हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कहा के जिस भाजपा के सांसद को जनता ने इतने बहुमत से जिताकर दिल्ली भेजा था वह जनता की आवाज को उठाने में नाकाम साबित हुए। हिमाचल में इतनी बड़ी त्रासदी का प्रदेश के शेरदिल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिम्मत से सामना किया।
प्रदेश का खजाना खाली होने के बाबजूद भी त्रासदी के जख्मों पर मरहम लगाने के भरकस प्रयास किये गए। लेकिन हिमाचल के जख्मों का दर्द दिल्ली में उठाने के लिए जनता द्वारा चुने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की जुबान तक नहीं खुली। केंद्र से मदद तो दूर की बात है अनुराग ने अपनी सांसद निधि से 1 रुपया तक त्रासदी के लिए नहीं दिया। रायजादा ने कहा के वह जनता को भरोसा दिलाते है के हिमाचल के लिए हितों के लिए उनकी आवाज पूरी ताकत और निष्पक्षता के साथ दिल्ली में उठेगी।
कुटलैहड़ कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा ने जनता से अपील की कि मुझे अपना आशीर्वाद दें ताकि आपके विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सके।
इस दौरान देसराज मोदगिल, देशराज गौतम, धर्मेंद्र पटियाल, उर्मिला शर्मा, सत्या देवी, विजय डोगरा, अरुण पटियाल, प्रवीण कुमार, गोपाल, सुमित, अनिल मनकोटिया,मुनीष, सतपाल रणावत, बिंदिया, राजेश पराशर ,जिशान सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।