21 से 26 मई तक पूर्ण की जाएगी घर से मतदान की प्रक्रिया: राजेंद्र गौतम

बड़सर में 927 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता घर से ही करेंगे मतदान
बड़सर ।

लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के दृष्टिगत विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर में मोबाइल मतदान पार्टियों के लिये सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में मतदान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी बड़सर राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव तथा विधानसभा उपचुनाव के लिये घर से ही मतदान का विकल्प चुनने वाले बड़सर विधानसभा क्षेत्र के 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया 26 मई तक पूर्ण कर ली जायेगी। इसके लिये 10 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है जो कि 21 मई से 26 मई तक 927 मतदाताओं का घर में ही मतदान करवाना सुनिश्चित करेंगी।

एसडीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने घर से मतदान का समय सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया है। अगर संबंधित मतदाता मोबाइल पोलिंग टीम को घर में नहीं मिलता है तो वह टीम मतदाता के घर में दूसरी बार आने का संदेश छोड़कर वापस चली जायेगी। अगर मतदाता दूसरी बार भी घर पर नहीं मिलता है तो उसे मतदान करने का कोई भी अन्य अवसर नहीं दिया जायेगा। एसडीएम ने इस दौरान सभी मतदाताओं से मोबाइल पोलिंग पार्टियों से सहयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं तहसीलदार बड़सर धर्मपाल नेगी ने मोबाइल मतदान पार्टियों को चुनाव संबंधी कार्यप्रणाली समझाई तथा आवश्यक प्रशिक्षण दिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।