मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने की चुनाव प्रबंधों की समीक्षा

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शनिवार को यहां हमीर भवन में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव से संबंधित आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला में अभी तक किए गए विभिन्न प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि जिला हमीरपुर में लोकसभा आम चुनाव के साथ ही दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव भी होने हैं और इनके लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी।
प्रबोध सक्सेना ने मतदान डयूटी के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस और सुरक्षा बलों की उपलब्धता तथा इनकी तैनाती से संबंधित प्लान की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जिला के सभी 532 मतदान केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान कर दिया गया है। अगर किसी मतदान केंद्र में कोई कमी रह गई है तो संबंधित एसडीएम और सैक्टर अधिकारी उसका तुरंत निवारण सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम्स और मतगणना केंद्रों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। घर से मतदान की सुविधा, पोस्टल बैलेट्स और सर्विस वोटर्स के मतपत्रों के लिए भी नियमानुसार कदम उठाएं। चुनाव से संबंधित अन्य प्रबंधों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश अमरजीत सिंह ने मुख्य सचिव का स्वागत किया तथा चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। एसपी पदम चंद ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी।

बैठक के बाद मुख्य सचिव ने जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल महाविद्यालय के नए कैंपस का दौरा भी किया। उन्होंने मेडिकल कालेज और सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक करके अकादमिक खंड एवं अस्पताल खंड के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अन्य ब्लॉकों के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण के मामलों की ताजा स्थिति की जानकारी ली। कालेज के प्रधानाचार्य डॉ रमेश भारती ने मुख्य सचिव को निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत करवाया।
शिमला रवाना होने से पहले मुख्य सचिव ने हमीरपुर बाईपास के पास बन रहे बस अड्डे की साइट का निरीक्षण भी किया और लोक निर्माण विभाग तथा एचआरटीसी के अधिकारियों से इस महत्वपूर्ण परियोजना की रिपोर्ट ली।
इस अवसर पर जिलाधीश अमरजीत सिंह, एसपी पदम चंद, एडीसी मनेश यादव और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।