मुख्य सचिव ने साइक्लोथॉन को दिखाई हरी झंडी,‘फिट मतदाता, देश का भाग्य विधाता’ कार्यक्रम का भी किया शुभारंभ

हमीरपुर 18 मई। आम लोगों को मतदान के महत्व से अवगत करवाने तथा उन्हंे मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु शनिवार को हमीरपुर में भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ के तहत साइक्लोथॉन आयोजित की गई तथा ‘फिट मतदाता, देश का भाग्य विधाता’ की शुरुआत की गई। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शनिवार सुबह 6 बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह साइक्लोथॉन उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर गांधी चौक, भोटा चौक, बाईपास रोड, नाल्टी चौक, गवर्नमेंट आईटीआई तथा नादौन चौक होते हुए वापस उपायुक्त कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर मतदान का संदेश दिया। इसके बाद मुख्य सचिव ने बी-फिट जिम में ‘फिट मतदाता, देश का भाग्य विधाता’ कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने विश्वास जताया कि जिला हमीरपुर में भारत निर्वाचन आयोग के ‘स्वीप’ कार्यक्रम के उल्लेखनीय परिणाम सामने आएंगे और आगामी लोकसभा चुनाव में जिले के मतदाता अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश अमरजीत सिंह, भारत निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया, व्यय पर्यवेक्षक डॉ. कुंदन यादव, एसपी पदम चंद, एडीसी मनेश यादव, एसडीएम मनीष सोनी, स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डीआरडीए के परियोजना अधिकारी चंद्रवीर सिंह, निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।