सुक्खू ने आम जनता को एक बार तो ठग लिया है, मगर ‘काठ की हंडी बार-बार नहीं चढ़ती: सतपाल सिंह

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती का कहना है कि झूठी गारंटियों के जरिए लोगों को गुमराह करके सत्ता की दहलीज पर पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आम जनता को एक बार तो ठग लिया है, मगर ‘काठ की हंडी बार-बार नहीं चढ़ती’। गुरुवार को एक बयान में सती ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर आक्रामक हमला करते हुए कहा है कि विधानसभाई चुनावों के दौरान तो कांग्रेस ने गारंटियों के भ्रमजाल में लोगों को फंसा कर सत्ता हासिल कर ली थी लेकिन दोबारा झूठ बोल रहे सुक्खू को वही गारंटियां सत्ता और मुख्यमंत्री की कुर्सी
से बेदखल भी करेंगी।

सत्ती का कहना है कि पिछले डेढ़ साल से सरकार के मुखिया सुक्खू कभी पैसे का रोना रोते रहते है और केंद्र सरकार को कोसते हुए कटोरा लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दर पर पहुंच जाते हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्ती का कहना है कि जब सरकार के पास पैसा ही नहीं है तो विधानसभा चुनावों के बाद एक दफे फिर संसदीय चुनाव में 15 सौ भत्ता देने को लेकर यह सरकार झूठ पर झूठ का भ्रम फैलाने की नाकाम कोशिश के बीच आए दिन नए नए फॉर्म भरवा कर सुक्खू की सरकार महिलाओं का अपमान करने पर आमादा है।

भाजपा विधायक सत्ती का कहना है कि हिमाचल और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत ऊना और बिलासपुर की जनता को इतना तो समझ आ गया है कि सरकार का खजाना खाली है तो प्रदेश का विकास भी कतई नही हो सकता। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान दी गई कांग्रेसी गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हो पाई है। इससे लोगों में सुक्खू सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश की लहर है। सत्ती का कहना है कि कांग्रेस सरकार के ख्याली पुलाव से आजिज लोगों ने इस बार भाजपा को भरपूर समर्थन देने का मन बना लिया है और देश-प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी की लहर चल रही है। सत्ती का कहना है कि 4 जून के नतीजों के साथ केंद्र में मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के तख्त की शोभा बढ़ाएंगे तो अनुराग लगातार पांचवी बार जीत दर्ज करेंगे और हिमाचल में सुक्खू सरकार की विदाई लिखी जाएगी।