निर्वाचन आयोग के सामान्य पर्यवेक्षक पहुंचे हमीरपुर, अधिकारियों से ली चुनाव प्रबंधों की जानकारी

हमीरपुर
लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर संसदीय क्षेत्र 3-हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले 5 जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्याम लाल पूनिया को सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। श्याम लाल पूनिया ने सोमवार को हमीरपुर पहुंचकर जिला के अधिकारियों से चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रबंधों की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सामान्य पर्यवेक्षक ने जिला में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना एवं निगरानी के लिए गठित विभिन्न टीमों के नोडल अधिकारियों से ताजा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम्स और मतगणना केंद्रों में आवश्यक प्रबंधों, मतदान डयूटी पर तैनात होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं उनके रहने-खाने के प्रबंधों, पुलिस और होमगार्ड्स की तैनाती, सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की स्थिति, एमसीएमसी कंट्रोल रूम, सुविधा ऐप एवं सी-विजिल ऐप, व्यय निगरानी और अन्य प्रबंधों के बारे में प्रारंभिक रिपोर्ट ली।
इससे पहले, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह ने पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया का स्वागत किया तथा उन्हें चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रबंधों से अवगत करवाया।
इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम मनीष कुमार सोनी, सहायक आयुक्त पवन कुमार शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विनोद गर्ग, निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्रनाथ शुक्ला और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।