नडोह और लंबलू में दिया मतदान का संदेश

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा विकास खंड भोरंज के गांव नडोह में महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सोमवार को मतदाता जागरुकता सत्र भी आयोजित किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ यानि सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचक सहभागिता के तहत आयोजित इस जागरुकता सत्र के दौरान पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने प्रतिभागी महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाया तथा उन्हें आगामी एक जून को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई। आरसेटी के विनय चौहान ने भी महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
गांव नडोह के अलावा पंजाब नेशनल बैंक की लंबलू शाखा में भी सोमवार को मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अजय कुमार कतना और शाखा के प्रबंधक ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बैंक के ग्राहकों को लोकसभा चुनाव-2024 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।