करोट में बुजुर्गों और दिव्यांगों को मतदान के लिए किया प्रेरित, घर से मतदान के लिए 12-डी फार्म भरने का किया आह्वान

सुजानपुर,

तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय ने शनिवार को ग्राम पंचायत करोट में भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ यानि सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के तहत एक जागरुकता शिविर आयोजित किया।
शिविर के दौरान तहसील कल्याण अधिकारी सिमरो शर्मा ने आम मतदाताओं, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगों को मतदान के महत्व से अवगत करवाया और उन्हें आगामी लोकसभा आम चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
तहसील कल्याण अधिकारी ने कहा कि हमें हर चुनाव में स्वतंत्र एवं निर्भय होकर तथा किसी भी तरह के झांसे या प्रलोभन में आए बगैर केवल अपने विवेक के अनुसार ही मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। सिमरो शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग सभी चुनावों में मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है। इस बार के लोकसभा चुनाव में भी मतदान की प्रतिशतता में वृद्धि के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ‘चुनाव का पर्व, देश का गर्व’ नारा दिया है।तहसील कल्याण अधिकारी ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और 40 प्रतिशत से अधिक विकलांगता से ग्रस्त दिव्यांग मतदाताओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने घर से मतदान का विकल्प भी उपलब्ध करवाया है। अगर ये बुजुर्ग और दिव्यांग घर से ही मतदान करना चाहते हैं कि तो वे 12 मई तक 12-डी फार्म भर दें। इसके बाद कोई भी फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सिमरो शर्मा ने बताया कि 12-डी फार्म पर आवेदन प्राप्त होने के बाद इन मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में मार्क कर दिए जाएंगे। मार्किंग के बाद वे केवल घर से ही मतदान कर सकेंगे। वे मतदान केंद्र पर जाकर मतदान नहीं कर सकेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।