प्रवेश परीक्षा के लिए पहली मई तक सकते हैं आवेदन, तकनीकी विश्वविद्यालय ने फिर खोला एचपीसीईटी पोर्टल

हमीरपुर।

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2024 (एचपीसीईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का पोर्टल एक बार फिर खोला है। पात्र अभ्यर्थी पहली मई सायं पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा 10 मई को ही होगी। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो जयदेव ने कहा कि अभी तक एचपीसीईटी के लिए लगभग 8500 से अधिक आवेदन आए हैं। जमा दो कक्षा का परिणाम आने के चलते अभ्यर्थियों को एक दिन का मौका आवेदन करने के लिए दिया है।

प्रवेश परीक्षा संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर सूचना विवरणिका देख सकते हैं। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए प्रदेश में चंबा, धर्मशाला, पालमपुर, नूरपुर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन, शिमला, सिरमौर जिला में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा एक परीक्षा केंद्र चंडीगढ़ में स्थापित किया जाएगा।

अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में परीक्षा केंद्र का चयन कर सकते है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। बता दें कि तकनीकी विवि हर वर्ष बी टेक (डायरेक्ट एंटी), बी फार्मेसी, एमसीए, एमबीए, एमबीए (पर्यटन) में प्रवेश के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित करता है। बीटेक, बी फार्मेसी और एमसीए की प्रवेश परीक्षा सुबह के सत्र में होगी, जबकि एमबीए, एमबीए (पर्यटन) की परीक्षा सायं के सत्र में आयोजित की जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।