अनीश अहमद ने केंद्र सरकार को जमकर घेरा

भोरंज,

भारी बारिश के कारण मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सूक्खू का भोरंज दौरा रद्द होने पर एआईसीसी के हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र प्रभारी अनीस अहमद ने मोर्चा संभाला। एमएलए सुरेश कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री की तीन जनसभाएं रखी थीं। लेकिन बारिश व खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर शिमला से उड़ान नहीं भर पाया। इसे देखते हुए महाराष्ट्र की पूर्व सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे डॉ अनीस अहमद ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार को जमकर घेरा।

उन्होंने कहा कि दस साल से केंद्र में जुमलों की सरकार चल रही है। लोगों के साथ किए वादों में से एक भी केंद्र सरकार ने पूरा नहीं किया। न तो दो करोड़ रोजगार एक साल में मिले, न 15-15 लाख लोगों के खातों में आए, न ही महंगाई पर लगाम लगी। केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए लोकतंत्र की हत्या करने में लगी है। जनसभाओं में अनीश के साथ विधायक सुरेश कुमार, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बन्याल, काँगड़ा कॉप्रेटिव बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठनिया, चेयरमैन राम चंद पठानिया, अरुण ठाकुर उपाध्यक्ष बाँका राम, सुभाष जैलदार, राजीव राणा सहित सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, पंचायत प्रधान, बीडीसी पदाधिकारी मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।