निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लें सभी मतदाता, एसडीएम ने पटलांदर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में की अपील

सुजानपुर।

एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 37-सुजानपुर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. रोहित शर्मा ने एक अप्रैल 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं से अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने की अपील की है।
सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ यानि व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटलांदर में आयोजित एक कार्यक्रम में एसडीएम ने यह अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को हर चुनाव में स्वतंत्र रूप से, निर्भय होकर तथा किसी भी तरह के प्रलोभन में आए बगैर अपने विवेक से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इससे हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं को लोकसभा चुनाव-2024 में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
विधानसभा क्षेत्र 37-सुजानपुर के स्वीप नोडल अधिकारी एवं बीडीओ राजेश्वर भाटिया, प्रधानाचार्य राजीव कतना और बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने भी क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्षेत्र के आम मतदाताओं ने मतदान की प्रक्रिया का अभ्यास भी किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।