वोटर हेल्पलाइन ऐप में हैं कई खूबियां, घर बैठे दर्ज करवाएं नाम

हमीरपुर ।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के लोकप्रिय ऐप्स में से एक ‘वोटर हेल्पलाइन ऐप’ आम मतदाताओं के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप में आम मतदाताओं के लिए कई सुविधाजनक फीचर्स उपलब्ध करवाए गए  हैं।

मतदाता सूची में अपना नाम ढूंढना, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाना या हटवाना, मतदाता के विवरण को दुरुस्त करवाना और मतदाता पहचान पत्र को आधार नंबर या मोबाइल नंबर से लिंक करवाना जैसे महत्वपूर्ण कार्य इस ऐप के माध्यम से घर बैठे ही करवाए जा सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों का विवरण, निर्वाचन प्रक्रिया, चुनाव परिणाम और ईवीएम से संबंधित कई जानकारियां भी इसी ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं। निर्वाचन संबंधी शिकायत भी इस ऐप से की जा सकती है। पात्र मतदाता इस ऐप से अपनी डिजिटल फोटो वोटर स्लिप भी डाउनलोड कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस ऐप में पुख्ता प्राइवेसी फीचर्स मौजूद हैं और यह यूजर्स की किसी भी प्रकार की जानकारी स्टोर नहीं करता है।
 

अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों 36-भोरंज, 37-सुजानपुर, 38-हमीरपुर, 39-बड़सर और 40-नादौन में सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बूथ लेवल अधिकारियों, राजनीतिक दलों के एजेंटों और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया था। इसके बावजूद किन्हीं कारणों से छूटे लोग और विशेषकर 18-19 वर्ष के आयु वर्ग के नए पात्र युवा 4 मई तक अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी या एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।  राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल एनवीएसपी और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर भी ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी छूटे लोगों से अपील की है कि वे 4 मई से पहले अपने नाम मतदाता सूचियों दर्ज करवाना सुनिश्चित करें, ताकि वे आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।