तकनीकी विश्वविद्यालय में आयोजित की मॉक ड्रिल

हमीरपुर ।

भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान बचाव के प्रति आम लोगों को जागरुक करने के लिए जिला हमीरपुर के शिक्षण संस्थानों में व्यापक जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। वर्ष 1905 में कांगड़ा घाटी में आए भीषण भूकंप के 119 वर्ष पूरे होने पर विशेष रूप से यह अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत वीरवार को हमीरपुर के निकट मटाहणी में स्थित हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

होमगार्ड्स के कमांडेंट विजय सकलानी की उपस्थिति में आयोजित इस मॉक ड्रिल में होमगार्ड्स एवं अग्निशमन विभाग के बचाव दस्ते ने बचाव कार्यों का अभ्यास किया तथा विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को भूकंप जैसी आपदा से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही जिले के स्कूलों में भी इसी तरह की मॉक ड्रिल्स आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए आम लोगों में जागरुकता बहुत जरूरी है। इन कार्यों के अभ्यास के लिए मॉक ड्रिल एक बहुत ही अच्छा माध्यम है।
उपायुक्त ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान केवल बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास ही नहीं होता है, बल्कि इससे आपदा प्रबंधन की तैयारियों एवं संसाधनों का आकलन करने में भी मदद मिलती है तथा आपदा प्रबंधन तंत्र में आवश्यक सुधार के लिए महत्वपूर्ण फीडबैक भी मिलता है।
-0-
फोटो कैप्शन: हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित की गई मॉक ड्रिल।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।