सी-विजिल ऐप पर भी कर सकते हैं शिकायत: अमरजीत सिंह

हमीरपुर।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला हमीरपुर में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कड़े प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसे 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबरों 01972-221277, 221377 और 221477 पर किसी भी समय आदर्श

आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा टॉल फ्री नंबर 1950 पर भी शिकायत की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सी-विजिल मोबाइल ऐप भी विकसित किया है। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। अमरजीत सिंह ने बताया कि इस ऐप में आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित फोटोग्राफ, वीडियो या ऑडियो अपलोड किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सी-विजिल ऐप पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारी या टीम को 100 मिनट के भीतर कार्रवाई करनी पड़ती है। शिकायतकर्ता को शिकायत करने के लिए अपना नाम और मोबाइल नंबर देने की कोई बाध्यता नहीं है, लेकिन अगर शिकायतकर्ता अपने नाम या मोबाइल नंबर से शिकायत करता है तो वह शिकायत के संबंध में हुई कार्रवाई को देख सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल ऐप में हुई शिकायत से उड़न दस्तों को आदर्श आचार सहिता के उल्लंघन की जगह की सटीक लोकेशन का पता चल जाता है और इस पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए सी-विजिल ऐप एक बहुत ही सटीक एवं त्वरित माध्यम है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।