हिमाचल संवाद । शिमला
हिमाचल प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायकों आशीष शर्मा, होशियार सिंह और केएल ठाकुर का विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा स्वीकार न करने पर शनिवार को तीनों निर्दलीय विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे। बता दें कि तीनो ने बाईस मार्च को अपना इस्तीफा अध्यक्ष को सौंपा था। लेकिन अभी तक विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। इससे नाराज निर्दलीय विधायक शनिवार को विधानसभा परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा का कहना है कि स्वतंत्र विधायक के तौर पर जब वह राज्य सचिवालय में जाते थे तो उन्हें नीचा दिखाया जाता था और अन्य विधायकों के सामने उनका अपमान किया जाता था इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिए जाने का फैसला लिया उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री लोकतंत्र की हत्या का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें राज्यसभा की वोटिंग के बाद अपना इस्तीफा दे देना चाहिए था।

आशीष शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा आचार संहिता लगने के ठीक कर दिन पहले से कार्य करने शुरू किए गए और मुद्दे सुलझाने की कोशिश की गई जिसमें वह असफल रहे। उन्होंने कहा कि बीते 22 मार्च को उन्होंने विधानसभा में अपना इस्तीफा सौपा था लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जा रहा है ।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारा इस्तीफा मंजूर नहीं किया जाएगा तो हम न्यायालय का रुख अख्तियार करेंगे।

Author: Himachal Samvaad







