जेपी आईटीआई समीरपुर में बताया मतदान का महत्व

भोरंज ।

भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ यानि व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी के तहत बुधवार को जेपी औद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान समीरपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम एवं 36-भोरंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में आईटीआई प्रशिक्षुओं को मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के बारे मंे विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ‘चुनाव का पर्व, देश का गर्व’ का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए तथा अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में जेपी आईटीआई के प्रबंधक अनंत दुबे, डॉ. प्रधानाचार्य एसएन झरोलिया, ग्रुप इंस्पेक्टर सुरेश सिंह, स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूल बधाणी के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, निर्वाचन कानूनगो टिंकल ठाकुर, बूथ लेवल अधिकारी प्रवीण कुमार, सरोज कुमारी, राजकुमार, ज्योति और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।