थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 22 तक

हमीरपुर ।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 22 मार्च को रात 11ः59 बजे तक किया जा सकता है। उन्होंने सभी पात्र एवं इच्छुक उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा लें। पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें, क्योंकि अंतिम दिन अधिक भीड़ होने की स्थिति में उम्मीदवारों को दिक्कत हो सकती है।
निदेशक ने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट – ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए, ताकि भविष्य में उससे संपर्क किया जा सके। पंजीकरण के समय उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार पांच संभावित परीक्षा केंद्रों के नाम दें। उम्मीदवारों को पहले तीन स्थानों में से किसी एक को परीक्षा केंद्र के रूप में आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा। आवंटित परीक्षा केंद्र को बदलने के लिए कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा और उम्मीदवार को लिखित परीक्षा के लिए निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार ही रिपोर्ट करनी होगी।
   कर्नल बीएस भंडारी ने बताया कि आवेदन के समय उम्मीदवार अपना आधार नंबर अवश्य लिखें तथा अपना नवीनत्तम फोटो ही अपलोड करें। परीक्षा के समय उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंट और आधार कार्ड साथ लाना होगा।
निदेशक ने बताया कि आवेदन के संबंध में उम्मीदवारों के मार्गदर्शन के लिए वेबसाइट पर वीडियो भी अपलोड किए गए हैं। इन वीडियो को देखकर युवा आसानी से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के अभ्यास के लिए भी ऑनलाइन लिंक दिए गए हैं। इन लिंक पर क्लिक करके उम्मीदवार ऑनलाइन परीक्षा का अभ्यास कर सकते हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।