पोषण माह के समापन पर मनोह में आयोजित किया जागरुकता कार्यक्रम

भोरंज 08 अक्तूबर।

बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत वृत्त जमली के आंगनवाड़ी केंद्र मनोह में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के समापन अवसर पर पोषण माह समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार, खंड पोषण समन्वयक अक्षय महाजन और वृत्त जमली की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर सीडीपीओ सुनील कुमार ने कहा कि इस वर्ष का पोषण माह ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने बताया कि रागी पोषक तत्वों से भरपूर मोटा अनाज है, जो बच्चों के संतुलित पोषण में सहायक है। रागी से तैयार पौष्टिक व्यंजन बच्चों के आहार में विविधता लाने के साथ उनके पोषण स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पोषण एवं स्वास्थ्य जागरुकता गतिविधियों के माध्यम से लाभार्थियों को संतुलित आहार, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छता तथा बच्चों की वृद्धि एवं विकास के संबंध में जानकारी दी गई। वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा पोषण माह को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण लाभार्थियों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम का समापन ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी, स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ परिवार’ के संदेश के साथ किया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।