आपके पुराने गर्म कपड़े आ सकते हैं किसी के काम, 31 अक्तूबर तक करें डोनेट

हमीरपुर ।

अगर आपके घर में पुराने गर्म कपड़े जैसे- स्वैटर, जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, टोपी और गर्म जुराबें, कंबल, रजाई तथा जूते इत्यादि काफी समय से ऐसे ही पड़े हुए हैं और ये अच्छी हालत में हैं तो ये किसी अन्य जरुरतमंद एवं गरीब के काम आ सकते हैं। आम तौर पर सभी साधन संपन्न घरों में ऐसा सामना अक्सर यूं ही पड़ा रहता है और खराब होता रहता है। ऐसे सामान को किसी जरुरतमंद गरीब परिवार तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी एक बार फिर एक विशेष पहल करने जा रही है।
उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति या परिवार अपने पुराने गर्म कपड़े जैसे- स्वैटर, जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, टोपी और गर्म जुराबें, कंबल, रजाई तथा जूते इत्यादि डोनेट करना चाहता है तो वह इसे 31 अक्तूबर तक हमीरपुर के बचत भवन के परिसर में स्थित जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में पहुंचा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 86298-19222 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने जून महीने में भी इसी तरह का अभियान चलाया था, जिसमें लोगों ने बड़ी संख्या में कपड़े और खिलौने डोनेट किए थे। अब सर्दी के मौसम को देखते हुए जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने गर्म कपड़े, कंबल और रजाई इत्यादि एकत्रित करके इन्हें गरीब एवं जरुरतमंद लोगों को वितरित करने का निर्णय लिया है

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।