स्मार्ट मीटर लगवाने में करें सहयोग

हमीरपुर 25 सितंबर।

विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता सौरभ राय ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगवाने के कार्य में बिजली बोर्ड और संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के साथ सहयोग करें। उन्होंने बताया कि मीटर बदलने का यह कार्य केंद्र सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना और संचालन) संशोधन विनियम, 2026 के तहत किया जा रहा है। यह कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। इसलिए, किसी भी तरह की अफवाह या भ्रांति में आए बगैर सभी उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें।
सहायक अभियंता ने बताया कि हाल ही में गौड़ा के एक उपभोक्ता ने स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में सहयोग नहीं किया था। बिजली बोर्ड को मजबूरन उस उपभोक्ता की विद्युत आपूर्ति काटनी पड़ी। बाद में उपभोक्ता द्वारा लिखित सहमति प्रदान करने पर स्मार्ट मीटर लगाया गया और उसकी विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।