भोरंज में आंगनवाड़ी सहायिका के 3 पदों के लिए आवेदन 21 अक्तूबर तक

भोरंज ।

बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत भगेटू के आंगनवाड़ी केंद्र प्लासी, ग्राम पंचायत भौंखर के आंगनवाड़ी केंद्र भौंखर और ग्राम पंचायत कड़ोहता के आंगनवाड़ी केंद्र कठियानवीं में रिक्त सहायिका के एक-एक पद के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 21 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय भोरंज मंे आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 24 सितंबर 2026 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 23 अक्तूबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय भोरंज में संपर्क किया जा सकता है।
भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी जिसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक मिलेंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर, उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका, शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक दिए जाएंगे। एससी, एसटी या ओबीसी के लिए 2 अंक, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता पर भी 2 अंक मिलेंगे। स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम की प्रवासिनी, अनाथ, विधवा, निराश्रित, परित्यक्ता, तलाकशुदा, विवाहित महिला जिसका पति पिछले 7 साल से लापता है, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने पर भी 2 अंक मिलेंगे। जबकि, साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।