‘स्थानीय उत्पादों की क्वालिटी, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर दें बल’

हमीरपुर 21 सितंबर।

स्थानीय उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और अन्य लोगों को उद्यमिता, मार्केटिंग और ब्रांडिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत करवाने के लिए उद्योग विभाग ने सोमवार को टौणी देवी के विकास खंड कार्यालय परिसर में एक कार्यशाला आयोजित की। ‘बाजार सफलता एवं स्थिरता तथा उद्यमिता’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में स्थानीय उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों सहित 70 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर के प्रसार अधिकारी सुमन कुमार, एरिया कोऑर्डिनेटर अनीता कुमारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के राजकुमार, पंजाब नेशनल बैंक की टौणी देवी शाखा के प्रबंधक चंद्रकांत, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक मुनीष ठाकुर, रैंप प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी कुमार शर्मा, प्रबंधक नवीन कुमार और विनय कुमार, सीनियर एग्जीक्यूटिव सुनिधि वर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक के रूप में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार ने प्रतिभागियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। प्रशिक्षण सत्र का संचालन करते हुए डॉ. अमित कुमार ने प्रतिभागियों को बाजार में उत्पादों की सफलता, व्यावसायिक निरंतरता एवं स्थिरता, प्रभावी ब्रांडिंग, पैकेजिंग, ग्राहक संपर्क तथा उद्यमशीलता संवर्धन की आधुनिक रणनीतियों पर विस्तृत व व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और निरंतरता बनाए रखकर उन्हें प्रतिस्पर्धी बाजार में स्थापित किया जा सकता है। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने भविष्य में भी रैंप के तहत इस तरह के कार्यशालाओं के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।