पोषण माह के शुभारंभ पर निकाली जागरुकता रैली,उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हमीरपुर ।

बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को कुपोषण और अनीमिया जैसे रोगों से बचाने के लिए आरंभ किए गए पोषण अभियान के तहत इस वर्ष 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक मनाए जा रहे नौंवें पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर हमीरपुर में एक जागरुकता रैली निकाली गई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने इस रैली को उपायुक्त कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें जिला के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने भाग लेकर पोषण जागरुकता का संदेश दिया। उपायुक्त कार्यालय परिसर से यह रैली गांधी चौक और मुख्य बाजार से होती हुई मुख्य डाकघर चौक पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2018 से सितंबर महीने को पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और किशोरों में पोषण के प्रति जागरुकता बढ़ाना है। इस वर्ष मनाए जा रहे नौंवें पोषण माह का मुख्य विषय ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है। उपायुक्त ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के सही पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। इसलिए, इस वर्ष के पोषण माह का मुख्य विषय आंगनवाड़ी केंद्रों पर केंद्रित किया गया है।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला में आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों का सही पोषण सुनिश्चित करने के लिए भोरंज ब्लॉक में एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत पौष्टिक गुणों से भरपूर रागी के पाउडर का वितरण किया जा रहा है। इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, फील्ड कर्मचारियों और विशेषकर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आम लोगों को पोषण के प्रति जागरुक करने की अपील भी की।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।